हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता करतार सिंह भड़ाना की देखरेख में बुधवार को अजमेर शरीफ के लिए जायरीनों का जत्था रवाना हुआ। नगर के विभिन्न मोहल्लों से आए करीब 200 जायरीनों को चार बसों के माध्यम से ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह की जियारत के लिए भेजा गया। नारसन खुर्द स्थित भड़ाना कार्यालय से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
यात्रा के रवाना होते ही जायरीनों ने या गरीब नवाज के जयघोष किए और पूर्व मंत्री के प्रति आभार जताया। मोहल्ला मलकपुरा निवासी शमशाद अहमद ने कहा कि करतार सिंह भड़ाना धर्म और मजहब से ऊपर उठकर सभी का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि भड़ाना की उदारता के कारण ही आज सैकड़ों लोग ख्वाजा की दरगाह पर हाजिरी लगा पा रहे हैं।
मोहल्ला किला निवासी शबाना बेगम ने बताया कि वर्तमान महंगाई के दौर में अजमेर शरीफ की यात्रा करना गरीब परिवारों के लिए किसी सपने जैसा था। इसे पूर्व मंत्री ने सच कर दिखाया है। उन्होंने न केवल निशुल्क परिवहन की व्यवस्था की बल्कि यात्रियों के भोजन और ठहरने का भी पूरा जिम्मा उठाया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद डॉ. प्रेम सिंह ने कहा कि करतार सिंह भड़ाना का लक्ष्य हमेशा से सर्वधर्म समभाव रहा है। इसी के तहत वे प्रतिवर्ष अजमेर शरीफ और खाटू श्याम जैसे धार्मिक स्थलों की यात्राओं का आयोजन करते हैं। उन्होंने बताया कि इस जत्थे में लालबाड़ा, किला, मलकपुरा और पठानपुरा सहित विभिन्न मोहल्लों के 200 श्रद्धालु शामिल हैं।