बीते मंगलवार को हुई भारी बारिश के बाद सड़कों से जलभराव का पानी तो उतर गया, लेकिन लोगों में गुस्सा बरकरार है। बुधवार को जलभराव से परेशान चौधरी चरण सिंह कॉलोनी और ग्रीनपार्क कॉलोनी में लोगों ने प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। बता दें कि दोनों कॉलोनियों में लोग लंबे समय से जलभराव की समस्या का दंश झेल रही है।
बुधवार को दिल्ली रोड स्थित चौधरी चरण सिंह कॉलोनी के लोगों ने जलभराव की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि जलभराव की समस्या दूर करने के लिए पार्षद, मेयर, विधायक, सांसद से लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। क्षेत्र में जलभराव के कारण आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दौरान तो स्थिति और गंभीर हो जाती है। इस दौरान कॉलोनीवासियों ने मेयर गौरव गोयल के खिलाफ नारेबाजी भी की। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में शामिल होने के बाद उम्मीद जगी थी कि अब शायद जलभराव की समस्या से मुक्ति मिलेगी, लेकिन कोई हल नहीं निकला। मेयर से मिलकर भी मिले, लेकिन नतीजा सिफर रहा।
इस अवसर पर लक्ष्मी, नीलिमा राणा, नीलम राणा, कमला चौहान, निर्मला देवी, गुड्डी नेगी, प्यारी बिष्ठ, गुड्डी बड़थ्वाल, बृजेश राणा, प्रदीप राणा, वंदना राणा, राजेश सैनी, दीपक राणा, विनोद कुमार, धीरज कुमार, अश्वनी गोयल, प्रीतम सिंह, बृजपाल सिंह, राजपाल सिंह, एमएस पुंडीर उपस्थित रहे। वहीं, ग्रीन पार्क कॉलोनी के गली नंबर सात में लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान जावेद आलम ने बताया कि कॉलोनी में हमेशा जलभराव की समस्या बनी रहती है। बरसात में यह समस्या और बढ़ जाती है। बारिश होने पर घरों में पानी घुस जाता है। पानी के साथ सांप और अन्य जहरीले जानवर भी चले आते हैं। इस दौरान मोहम्मद अबलीन, अकील अहमद, हाजी मुख्यत्यार, महमूद, कादिर, भूरा, सोनू, अनीस, सलमान, इकलाख आदि लोग मौजूद रहे।
वार्ड नंबर एक में जलभराव से परेशानी
पिरान कलियर। नगर पंचायत वार्ड नंबर एक के लोग भी पानी की निकासी नहीं होने के कारण जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। वार्ड के लोग इस संबंध में नगर पंचायत और प्रशासन से कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। एमजीएएफएम इंटर कॉलेज के पीछे वाली सड़क पर पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। लिहाजा बारिश और घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर जमा हो जाता है। ओवर फ्लो होकर यह पानी आसपास में खाली प्लाटों में भी भर जाता है। बारिश के दिनों में लोगों के घरों के आगे जलभराव की समस्या बढ़ जाती है। इससे संक्रामक रोग फैलने की आशंका है। सभासद रुकैया ने बताया कि पानी की निकासी होने से जलभराव की समस्या बनी हुई है। एसडीएम और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी से पानी निकासी की समस्या का समाधान कराने की मांग की गई है। लेखपाल को भी बुलाकर मौका मुआयना कराया गया है।