बहला फुसलाकर ले जाई गई युवती के परिजनों ने भगवानपुर थाने पहुंचकर उसकी बरामदगी की मांग उठाई। परिजनों ने चेतावनी दी कि जल्द आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है तो परिणाम गंभीर होंगे। पुलिस ने जल्द युवती की बरामदगी का आश्वासन दिया है। मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होेने के चलते तनाव को देखते हुए गांव में पीएसी तैनात है।
भगवानपुर क्षेत्र स्थित एक गांव से एक युवती और युवक 17 जुलाई को लापता हो गए थे। युवती के परिजनों ने थाने में तहरीर देकर युवक पर उसे बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के चलते गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। गांव में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पीएसी तैनात की गई है। बुधवार को युवती पक्ष के लोगों ने थाने पहुंचकर एसआई प्रवीण रावत से मुलाकात कर जल्द उसको बरामद करने की मांग की। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी की मांग उठाई। एसआई ने आश्वासन दिया कि टीम लगी हुई है। जल्द युवती को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।