रुड़की। एक साथ 11 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के निलंबन के बाद बाल विकास विभाग में हड़कंप मच गया है। सीडीओ के निरीक्षण में ये आगंनबाड़ी कार्यकत्री केंद्रों से गायब मिली थीं। इसके साथ ही केंद्रों पर भी खामियां पाई गई थीं।
लक्सर क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर में करीब 50 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इन केंद्रों की शिकायतें पिछले माह सीडीओ सोनिका को मिली थीं। इस सिलसिले में उन्होंने औचक निरीक्षण किया तो कुछ आंगनबाड़ी केंद्र बंद पाए गए तो कुछ पर खुले होने के बावजूद वहां से कार्यकत्रियां हाजिरी लगाकर नदारद थीं। इस बात से नाराज सीडीओ ने डीपीओ मोहित चौधरी को सभी लापरवाह कार्यकत्रियों को सस्पेंड करने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश पर मोहित चौधरी ने सभी 11 आंगनबाडिय़ों को निलंबित कर दिया। मामले की अंतिम जांच एसडीएम मोहम्मद नासिर को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट पर अब इन कार्यकत्रियों का अगला भविष्य तय होगा। एक साथ 11 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के निलंबन से बाल विकास विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। अधिकारी भी केंद्रों का प्रतिदिन खोले जाना सुनिश्चित करने के लिए कवायद में लगे हुए हैं। उधर, सीडीओ सोनिका ने बताया कि बाल विकास में लापरवाही किसी भी सूरत में सहन नहीं की जाएगी।