रुड़की। आईआईटी रुड़की में शुक्रवार दोपहर ढाई बजे से शुरू हो रहे दीक्षांत समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह के मुख्य अतिथि उद्योगपति मुकेश अंबानी की सुरक्षा के आईआईटी प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए गए हैं। उनके आगमन से एक दिन पहले ही अंबानी की निजी सिक्योरिटी ने आईआईटी पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुरक्षा की कमान अपने हाथों में ली।
इसके तहत आईआईटी प्रबंधन और कर्मियों को भी सिक्योरिटी पास दिए जा रहे हैं। सुरक्षा के कड़े पहरे का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि आईआईटी के निदेशक को भी अपने वाहन पर सिक्योरिटी का स्टीकर लगाना जरूरी किया गया है। जारी सिक्योरिटी पास पर एक नंबर अंकित है। उसकी डिटेल आईआईटी के मुख्य सुरक्षा अधिकारी के अलावा बाहर से आए सुरक्षा अधिकारियों के पास भी रहेगी। ऐसे में बताया जा रहा है कि बिना पास के कोई भी व्यक्ति समारोह में शामिल नहीं हो पाएगा। समारोह को लेकर पासआउट होने वाले छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह है।