आसफनगर गांव में पुरानी रंजिश के कारण एक पीड़िता के साथ मारपीट करने और उसे जान से मारने की नीयत से नहर में गिराने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के आसफनगर गांव निवासी युवती ने बृहस्पतिवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 अक्तूबर की शाम करीब पांच बजे वह गोदावरी होटल के पीछे स्थित लाइब्रेरी से घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही अरुण कुमार ने नहर के पुल पर उसका रास्ता रोक लिया।
इसके बाद उसके साथ मारपीट की और नहर में गिराने की कोशिश की। पीड़िता के अनुसार, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उसे युवक के चंगुल से बचाया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि अरुण कुमार पहले भी उसके साथ इस तरह की हरकत कर चुका है। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। बाद में मौजिज लोगों के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों के बीच फैसला हो गया था। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। कार्यकारी पुलिस क्षेत्राधिकारी ओशिन जोशी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी अरुण कुमार निवासी आसफनगर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।