रुड़की। कोहरे के कारण जहां एक ओर ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान हैं, वहीं ट्रेनें रद्द होने से भी लोगों को दिक्कत हो रही है। स्थिति यह है कि सहारनपुर-लखनऊ पैसेंजर पहले 31 दिसंबर तक रद थी, जिसे बढ़ाकर अब 28 फरवरी तक कर दिया गया है। वहीं इलाहाबाद-हरिद्वार एक्सप्रेस को भी आठ जनवरी से 28 फरवरी तक स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है।
कोहरे के कारण लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। इस कारण आए दिन रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अब एक और ट्रेन को निरस्त किए जाने से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। रेल अधिकारियों के अनुसार आठ जनवरी से 28 फरवरी तक हरिद्वार-इलाहाबाद एक्सप्रेस को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में तीन दिन अप और डाउन में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को किया जाता है। इससे पहले सहारनपुर-लखनऊ के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन का स्थगन समय 28 फरवरी तक कर दिया गया है। इस ट्रेन के नहीं चलने से लक्सर-नजीबाबाद के बीच चलने वाले लोकल यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन अधीक्षक एसके वर्मा के अनुसार कोहरे के कारण उक्त ट्रेनों को स्थगित किया गया है।
जनशताब्दी व चंडीगढ़-लखनऊ भी स्थगित
रुड़की। दिल्ली-दून के बीच चलने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस और चंडीगढ़-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस भी किन्हीं कारणों से कई तारीखों में स्थगित रहेंगी। स्टेशन अधीक्षक एसके वर्मा के अनुसार जनशताब्दी का संचालन नौ जनवरी, 13 जनवरी, 16 जनवरी, 20 जनवरी, 23 जनवरी, 27 जनवरी और 30 जनवरी को संचालन नहीं होगा। इस तिथि पर चंडीगढ़-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस का भी संचालन नहीं किया जाएगा।