कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची के लिए कार्यकर्ता शुक्रवार को दूसरे दिन भी बेसब्री से इंतजार करते रहे। दिनभर एक-दूसरे को फोन कर जानकारी जुटाते रहे। लेकिन, टिकट की खींचतान के चलते देर शाम तक अधिकृत सूचना जारी नहीं हो पाई। बताया जा रहा है कि रुड़की समेत जिले की करीब-करीब सभी सीटों पर टिकट के कई-कई दावेदार और भाजपा के बागियों को एडजेस्ट करने में आलाकमान के पसीने छूट रहे हैं।
भाजपा से विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद कांग्रेसियों ने 19 जनवरी की शाम तक टिकट घोषित करने के दावे किए थे। लेकिन, दावेदारों के बीच चल रही खींचतान और बागियों को एडजेस्ट करने के फेर में 20 जनवरी देर शाम तक भी इसकी घोषणा नहीं हो पाई। सूत्रों के अनुसार रुड़की सीट पर मेयर यशपाल राणा, पूर्व राज्यमंत्री मनोहर लाल शर्मा और हंसराज सचदेवा प्रमुख दावेदार में शामिल हैं। इनके अलावा भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज पूर्व विधायक सुरेश चंद जैन भी टिकट की दौड़ में हैं। दिनभर समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में टिकट मिलने के दावे करते रहे। लेकिन, देर शाम तक कांग्रेस हाईकमान ने अधिकृत लिस्ट जारी नहीं की।
इसके अलावा झबरेड़ा सीट को लेकर भी दिल्ली में घमासान मचा हुआ है। एक धड़ा बसपा से पूर्व विधायक हरिदास को टिकट दिलाने की पैरवी कर रहा है तो दूसरा धड़ा पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी राजपाल के समर्थन में डेरा डाले हुए हैं। इसके अलावा वीरेंद्र जात्ति, सुशील पेंगोवाल और ईशम सिंह भी टिकट की आस में दिल्ली में जमे हुए हैं। ऐसे में झबरेड़ा विधानसभा सीट से भी टिकट फाइनल करने में कांग्रेस आलाकमान के पसीने छूट रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि रुड़की, झबरेड़ा सहित अन्य बागियों की सीटों पर टिकट के लिए लोगों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।