कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने को देखते हुए रेलवे स्पेशल ट्रेनों के संचालन के साथ नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगा रहा है। मुरादाबाद मंडल में संचालित होने वाली चार जोड़ी ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की घोषणा की गई है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि कांवड़ यात्रा स्पेशल ट्रेनों के संचालन के साथ ही ट्रेनों का हरिद्वार तक विस्तार करने और नियमित ट्रेनों को कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार के निकटवर्ती ज्वालापुर, मोतीचूर और रायवाला रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव दिया गया है। देहरादून - सहारनपुर, चंदौसी - ऋषिकेश सहित पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं। अब यात्रियों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए मुरादाबाद मंडल में संचालित होने वाली मां बेहला देवी प्रतापगढ़ - दिल्ली - मां बेहला देवी प्रतापगढ़ एक्सप्रेस, अयोध्या कैंट - दिल्ली - अयोध्या कैंट, साबरमती - सुल्तानपुर - साबरमती और साबरमती - वाराणसी - साबरमती एक्सप्रेस ट्रेनों में भी अतिरिक्त स्लीपर और वातानुकूलित कोच व दिल्ली - बरेली और अलीगढ - बरेली ट्रेनों में अतिरिक्त सामान्य कोच लगाए जा रहे हैं। इससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।