पुलिस ने नशे में दिव्यांग युवक से दरिंदगी करने के आरोपी युवक को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। साथ ही उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त गन्ना भी बरामद किया है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में उसके नपुंसक होने की अफवाह फैलाने को लेकर दिव्यांग की हत्या करने की बात बताई है।
बुग्गावाला थाना क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी 30 वर्षीय मानसिक रूप से दिव्यांग को गांव निवासी प्रमोद शुक्रवार को एक गन्ने के खेत में ले गया था। वहां उसने उसके प्राइवेट पार्ट में गन्ना डाल दिया था। अधिक खून बहने की वजह से दिव्यांग की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्रमोद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया था। साथ ही देर रात जंगल से गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गन्ना भी बरामद कर लिया था।
वहीं, आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि दिव्यांग ने गांव में उसके नपुंसक होने की अफवाहें फैला दी थी। इसके चलते दिव्यांग के लिए उसके मन में भारी गुस्सा पनप गया था। इसी के चलते उसने गुस्से में आकर दिव्यांग के प्राइवेट पार्ट में गन्ना डाल दिया था। बुग्गावाला थाना प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह महर ने बताया कि आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।