कुछ दिन पहले शादी समारोह में हुई कहासुनी के कुछ दिन बाद दोनों पक्ष फिर से आमने-सामने आ गए। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे के घर में घुसकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 10 लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।
भगवानपुर थाना क्षेत्र स्थित गांव दौड़बस्सी निवासी तीरथपाल ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उनके गांव में एक शादी समारोह था। शादी में गांव के जोगेंद्र से उनकी कहासुनी हो गई थी। इसे लेकर शुक्रवार को जोगेंद्र पक्ष के कई लोग उनकी गैर मौजूदगी में घर में घुस आए। आरोप है कि उक्त लोगों ने परिवार के साथ गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार व लाठी-डंडों से हमला कर दिया जिसमें कई लोग घायल हो गए। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जोगेंद्र, राजेश, विकास, हिमांशु, अनुज, सुरजीत, आकाश, हिमांशु, रोहित, अंशुल, निवासी दौड़बस्सी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।