पुलिस ने एक युवक को हजारों की स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी के संपर्क में रहने वालों को चिह्नित कर रही है।
कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि सोमवार रात सुल्तानपुर चौकी प्रभारी अंकुर शर्मा पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली की निहदपुर टांडा महतोली तिराहे के पास एक युवक स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया और तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 8.22 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और 2900 रुपये बरामद हुए। पुलिस आरोपी युवक को पकड़कर कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी की पहचान अहसान उर्फ मोटा निवासी मोहल्ला खाराकुआं सुल्तानपुर के रूप में हुई है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि स्मैक की कीमत करीब 30 हजार रुपये है। आरोपी के संपर्क में रहने वालों को चिह्नित किया जा रहा है।