लक्सर। युवक का मोबाइल फोन चोरी कर उसके खाते से 80 हजार की रकम निकालने की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से चोरी किया गया मोबाइल फोन और रकम बरामद कर ली गई है।
पुलिस के मुताबिक, लक्सर कोतवाली के निरंजनपुर गांव निवासी अंकित कुमार का मोबाइल फोन 23 फरवरी को रायसी से निरंजनपुर जाते समय चोरी हो गया था। मोबाइल फोन चोरी करने वाले ने यूपीआई के माध्यम से उसके खाते से 80 हजार की रकम भी निकाल ली थी। अंकित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। रायसी चौकी प्रभारी कमलकांत रतूड़ी के नेतृत्व में कांस्टेबल अनूप पोखरियाल और अनिल वर्मा की टीम मामले की जांच कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से चिह्नित करते हुए आरोपी आशू निवासी ग्राम महाराजपुर खुर्द को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से चोरी किया गया मोबाइल फोन और खाते से निकाली गई 80 हजार की रकम भी बरामद कर ली गई। इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।