कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के भाई ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेहवड़ खुर्द निवासी माजिद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन नसरीन की शादी करीब 16-17 साल पहले बिझौली निवासी साजिद के साथ हुई थी। माजिद का आरोप है कि साजिद का किसी अन्य महिला के साथ अफेयर चल रहा था। इसके कारण वह अक्सर नसरीन के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। माजिद का कहना है कि आरोपी नसरीन को लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
तहरीर के अनुसार 29 अप्रैल 2026 की रात साजिद, जेठ काजिम, जेठानी शाहीन, सास जरीफन, नाजिम और राशिद ने एक राय होकर नसरीन को जहर दे दिया। परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी उन्हें नहीं दी गई। अगले दिन जब उन्हें घटना का पता चला और शव अस्पताल पहुंचा तो डॉक्टरों ने जहर से मौत की पुष्टि की।
वादी का आरोप है कि पुलिस को शिकायत देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि कुछ दिन पहले साजिद ने अपने छह बच्चों को माजिद के घर लाकर छोड़ दिया और धमकी दी कि यदि बच्चों को नहीं रखा तो वह उन्हें भी उनकी मां की तरह जहर देकर मार देगा। पीड़ित ने इसका वीडियो साक्ष्य भी कोर्ट में प्रस्तुत किया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं।