उत्तराखंड लेखपाल संघ के आह्वान पर रुड़की तहसील के लेखपालों ने उन्हें दिए गए अतिरिक्त क्षेत्रों के काम को वापस कर दिया है। अतिरिक्त क्षेत्रों से संबंधित दस्तावेजों को राजस्व अभिलेखागार में सुरक्षित जमा करा दिया गया है।
लेखपाल संघ के रुड़की तहसील अध्यक्ष सुभाष जैमिनी ने बताया कि जिले में इस समय 156 राजस्व उप निरीक्षक के पद स्वीकृत हैं। इसमें से 60 पद रिक्त चल रहे हैं। जबकि 10 राजस्व उप निरीक्षक इस समय अल्मोड़ा में चल रहे राजस्व निरीक्षण प्रशिक्षण में भाग ले रहे हैं। ऐसे में 70 राजस्व उप निरीक्षकों के पद रिक्त हैं। यदि रुड़की तहसील की बात की जाए तो यहां इस समय लेखपालों के 54 सर्किल हैं जबकि कार्यरत करीब 25 लेखपाल ही हैं। लेखपालों पर काम का बोझ बढ़ता जा रहा है। अतिरिक्त क्षेत्र का काम वापस करने को लेकर कुछ समय पहले ही संघ ने बैठक की थी। इसी कार्यक्रम के तहत बुधवार को लेखपालों ने अतिरिक्त क्षेत्र का काम वापस किया गया है।
वहीं उत्तराखंड लेखपाल संघ की उपशाखा लक्सर के सचिव योगेंद्र सिंह राणा ने बताया कि जब तक जिलाधिकारी भगवानपुर तहसील दिवस के दौरान लेखपालों के प्रति की गई गलत टिप्पणी को लेकर गलती स्वीकार नहीं करते हैं। तब तक जिले के लेखपाल एक से अधिक सर्किल पर काम नहीं करेंगे। इसे लेकर उपशाखा लक्सर के लेखपालों ने अतिरिक्त क्षेत्रों के कार्यभार संबंधी दस्तावेजों को सुरक्षित जमा कर दिया है। क्षेत्रों में संबंधित किसी भी कार्य के लिए संबंधित राजस्व उप निरीक्षक जिम्मेदार नहीं होंगे। इस संबंध में लक्सर एसडीएम और तहसीलदार को भी अवगत करा दिया गया है। संवाद