नशे की हालत में उत्पात मचा रहे एक युवक को सूचना पर पहुंची पुलिस ने पकड़ लिया। युवक के परिजनों ने उसे पुलिस से छुड़ाने का प्रयास करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया है।
मंगलवार मध्य रात्रि रायसी चौकी प्रभारी नीरज रावत को चौकी क्षेत्र में एक युवक के नशे में उत्पात करने की सूचना मिली थी। सूचना पर चौकी प्रभारी हेड कांस्टेबल प्रदीप कन्नौजिया, कांस्टेबल अनिल कुमार और महेंद्र सिंह के साथ गांव में पहुंचे। वहां आरोपी अवनीश उर्फ छोटू नशे की हालत में उत्पात मचा रहा था।
इसपर पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माना। पुलिसकर्मी उसे कोतवाली लाने लगे लेकिन परिजनों ने विरोध करते हुए उसे छुड़ाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की गई। किसी प्रकार पुलिस उसे कोतवाली लेकर आई। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि युवक का शांतिभंग के आरोप में चालान कर दिया गया है।