दुकान के सामने रेहड़ी लगाने के विवाद में दो पक्षों में झगड़ा हो गया। मामूली झगड़े में एक पक्ष के व्यक्ति ने दूसरे के युवक पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली लगने से घायल युवक को रुड़की अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां से चिकित्सकों ने घायल को हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के लाठरदेवा शेख निवासी मुशीर व आकिब की मेन रोड पर पास-पास ही दुकान स्थित है। दोनों दुकान मालिक ताऊ चाचा के एक ही परिवार से संबंध रखते हैं। सोमवार रात को करीब आठ बजे दुकान के सामने रेहड़ी लगवाने के लिए दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया। इसी दौरान एक पक्ष के व्यक्ति ने दूसरे पक्ष के युवक पर तमंचे से फायर कर दिया।
तमंचे से निकली गोली आकिब युवक के पैर में जा लगी। इससे आकिब गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर दुकानदारों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी इकबालपुर पुलिस चौकी में दी गई। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और घायल को एंबुलेंस की मदद से रुड़की अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सकों ने घायल को देहरादून हायर सेंटर रेफर कर दिया। झबरेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि घटना की पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।