कस्बा लंढौरा के आंबेडकर चौक पर पैसों के लेनदेन के विवाद में एक युवक के साथ गाली-गलौज कर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावर ने पीड़ित को तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।
वार्ड नंबर-9, कस्बा लंढौरा निवासी जुनैद का पड़ोसी के साथ पैसों के लेनदेन के लिए पुराना विवाद चल रहा था। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार आठ मार्च दोपहर करीब 12:40 बजे पड़ोसी का दोस्त अयान निवासी वार्ड नंबर-8, आंबेडकर चौक पर पहुंचा। पीड़ित जुनैद का आरोप है कि अयान ने आते ही पड़ोसी का पक्ष लेते हुए उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
जाते-जाते अयान ने तमंचा दिखाकर धमकी दी कि सुधर जा, वरना तेरा इलाज कर दूंगा। घटना के बाद से पीड़ित जुनैद और उसका परिवार काफी डरा हुआ है। जुनैद ने मंगलौर थाना प्रभारी को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी अयान निवासी लंढौरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसको तमंचे के साथ गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।