महिला सभासद के पुत्र पर लाठी डंडों से हमला, घायल
सभासद ने सहपाठी छात्र और साथियों के खिलाफ दी तहरीर
लक्सर। परीक्षा देकर वापस लौट रहे महिला सभासद के पुत्र पर एक छात्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। हमले में छात्र घायल हो गया। सभासद ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। वहीं, घटना पर नाराजगी जताते हुए नगर पालिका सभासदों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वार्ड 9 आजाद नगर की सभासद रजनी देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका बेटा हाईस्कूल का छात्र है। हरिद्वार मार्ग स्थित परीक्षा केंद्र से शनिवार परीक्षा देकर घर लौट रहा था। इसी दौरान उसके साथ पढ़ने वाले एक छात्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे रोक लिया। आरोपियों ने उसके पुत्र पर लाठी डंडों से हमला कर उसे घायल कर दिया। उनके पुत्र को गंभीर चोट आई है। सभासद ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। घटना पर पालिका के सभासद कोतवाली पहुंचे और छात्र से मारपीट की घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि घायल छात्र का मेडिकल कराया जा रहा है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।