बेलड़ा गांव में साथी को छोड़ने गए चालक को पीटा, पुलिस ने दर्ज की शिकायत
रुड़की। बेलड़ा गांव में एक कार चालक और युवकों के बीच कार बैक करने पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि युवकों ने चालक पर हमला किया और कार में तोड़फोड़ कर दी। पीड़ित ने सिविललाइंस कोतवाली में शिकायत दर्ज कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
कलियर थाना क्षेत्र के इमलीखेड़ा गांव निवासी पवन, हरिद्वार रोड स्थित एक एजेंसी में कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 31 दिसंबर की रात वह अपने बेलड़ा निवासी दोस्त को घर छोड़ने गया था। दोस्त को छोड़ने के बाद कार बैक करते समय वहां मौजूद एक युवक से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवक ने गाली-गलौज करने के बाद अपने साथियों को बुला लिया और पवन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पत्थर मारकर कार में भी तोड़फोड़ की। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन आरोपी पहले ही धमकी देकर फरार हो गए। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी मनीष उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच पूरी होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।