रुड़की। नगर निगम के पास फलों की ठेली लगाने वाले दो पक्ष भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर लात घूसे चलाए। इसी बीच एक व्यक्ति ने कान्हापुर गांव निवासी युवक आदिल के सिर में तराजू का बाट मारकर घायल कर दिया।
मंगलवार को दोपहर के समय सिविल लाइंस कोतवाली अंतर्गत नगर निगम के पास फलों की ठेली लगाने वाले कुछ लोगों के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया की दोनों पक्ष एक दूसरे के साथ गाली-गलौज करने लगे। दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद फलों की ठेली लगाने वाले एक पक्ष ने युवक के सिर पर बाट से वार कर दिया। घायल युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मारपीट में दूसरे पक्ष का एक अन्य युवक भी घायल हुआ है। वहीं, दोनों पक्षों के बीच हो रही इस मारपीट का एक युवक ने वीडियो बना लिया। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़ित आदिल पक्ष की ओर से रुड़की कोतवाली पहुंचकर शिकायत की गई। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि इस मामले में तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
मंगलौर निवासी युवक का शव मिला
रुड़की। गंगनहर से मिले शव की शिनाख्त मंगलौर निवासी सालिक के रूप में हुई है। सालिक का शव सोमवार को नगर निगम रुड़की के सामने गंगनहर से मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेज दिया था। मंगललार को शव की शिनाख्त हुई। पुलिस अभी मामले की जांच में जुटी है। संवाद
बुजुर्ग के साथ मारपीट
रुड़की। कोतवाली क्षेत्र के जोरासी गांव में मामूली बात पर कुछ लोगों ने बुजुर्ग यामीन के साथ मारपीट कर दी। जिसमें बुजुर्ग घायल हो गए। परिजनों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित के परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की और जांच कर कार्रवाई की मांग की। संवाद