बाइक से अपनी बहन के घर जा रहे 26 वर्षीय युवक की गर्दन चीनी मांझा से कटने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक अपनी पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार दीपक (26) पुत्र मुन्ना सिंह निवासी शिकारपुर सोमवार शाम करीब 5 बजे अपने घर से करीब 6 किलोमीटर दूर नगला इमरती में अपनी बहन के घर जा रहा था। जैसे ही वह नगला इमरती अंडरपास से पहले पहुंचा तो इस दौरान वह चीनी मांझे की चपेट में आ गया। गर्दन कटन से वह बुरी तरह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों के अनुसार दीपक मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं है। उसकी मौत से तीन साल और डेढ़ साल की दो बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। गांव के लोग इस घटना से गमजदा हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।