दिल्ली निवासी एक महिला ने क्षेत्र के विधायक को अपना भाई बताते हुए विधायक और उनके परिवार वालों पर धोखाधड़ी कर संपत्ति कब्जाने का आरोप लगाते हुए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। इस पर एसीजेएम कोर्ट ने पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
दिल्ली निवासी मंजू कपूर की ओर से अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र दिया गया है। इसमें उन्होंने बताया है कि उनके भाई व परिवार के लोगों ने उसके नाम के झूठे शपथपत्र का इस्तेमाल करते हुए कई संपत्तियों को अपने नाम कर लिया है। आरोप है कि उनके भाई ने एक मार्च 2018 में फर्जी वसीयतनामा भी तैयार कराया था।
इसके तहत मकान और अन्य चल अचल संपत्ति अपने बेटे- बेटियों के नाम पर कर दी गई। साथ ही निगम में भी संपत्ति को अपने नाम पर हस्तांतरित करा लिया गया। आरटीआई के जरिए कागज लेने पर इसकी जानकारी हुई। जानकारी होने पर जब विरोध जताया तो उन्हें धमकी दी गई। पुलिस से शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इस पर कोर्ट ने पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। वहीं, विधायक प्रदीप बत्रा का कहना है कि उनका किसी बहन से संपत्ति से जुड़ा कोई मामला नहीं है। न्यायालय के जरिए मुकदमा दर्ज कराकर इसे राजनीतिक स्टंट के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश की जा रही है। उधर, एसपी देहात एसके सिंह का कहना कि न्यायालय के आदेश का परीक्षण कराया जा रहा है।