खेत में काम कर रहे ग्रामीण पर गांव के ही लोगों ने धारदार हथियार और लाठी से हमला कर दिया। घायल ग्रामीण ने जंगल में छिपकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपियों ने ग्रामीण के घर में घुसकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने नामजद छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के निरंजनपुर गांव निवासी रजनीश ने तहरीर में बताया कि पांच मई को दोपहर के समय वह अपने खेत में काम कर रहे थे। इस बीच आरोपी सुबोध, अवनीश, तरुण, तेज कुमार, अभय और निर्भय हाथ में लाठी-डंडे व पाठल लेकर आए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से उनपर हमला कर दिया। धारदार हथियार के वार से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
लोगों को आता देखकर आरोपी वहां से चले गए। जान बचाने के लिए वह जंगल में जाकर छिप गए। आरोप है कि इसके बाद आरोपी धारदार हथियार लेकर उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने यहां तोड़फोड़ की और उनके परिजन को जान से मारने की धमकी दी। ग्रामीण ने जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।