दीपावली पर इस बार पटाखों में एक हजार शॉट और डिजिटल अनार खास होगा। इसके अलावा हॉलीवुड और राकेट घोस्ट भी शहर में अपना जलवा बिखेरेंगे। इसके लिए शहरवासी पहले से ही तैयारी कर रहे हैं। पटाखा बाजार में दुकानदार नए-नए पटाखों के साथ दीपावली को और धमाकेदार बनाने में जुटे हुए हैं।
इस बार शहर में पटाखों की नई नई वैराइटी उतारी गई है। एक ओर जहां एक हजार शाट और डिजिटल अनार आसमान में सतरंगी छटा बिखेरेगा वहीं हालीवुड नाम का पटाखा भी खास है। यही नहीं राकेश घोस्ट भी इस बार दीपावली में धूम मचाएगा। दुकानदारों के अनुसार यह पटाखा आसमान में फटने के बाद भूत की आकृति बनाएगा। इसके अलावा तरह-तरह के अनार, चरखी और राकेट की अलग-अलग रेंज लोगों के आकर्षण का केंद्र हैं। पटाखा कारोबारी कमल चावला कहते हैं कि धमाके वाले पटाखों की अपेक्षा प्रकाश वाले पटाखों की अधिक डिमांड हैं। उन्होंने बताया कि एक हजार और 500 शाट के साथ ही डिजिटल अनार, हालीवुड और राकेट घोस्ट जैसे नए पटाखों को लेकर शहरवासियों में उत्साह है।
नेहरू स्टेडियम में सजा बाजार
नेहरू स्टेडियम में इस बार भी पटाखा बाजार सजाया गया है। इसके साथ ही यहां खरीदारों की भी कतार लगनी शुरू हो गई है। स्टेडियम में सौ से अधिक पटाखों की दुकानें सजी हुई हैं, जिसमें अलग-अलग वेराइटी के पटाखे उपलब्ध हैं। इसके अलावा रामनगर और लालकुर्ती में भी पटाखों की दुकानें लगाई जा रही हैं।