म्हाड़ी चौक के पास देर शाम सड़क से गुजर रहे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने ट्रक के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते ट्रक को सड़क किनारे रोक दिया और सुरक्षित बाहर निकल आया।
दमकल विभाग के अनुसार ट्रक म्हाड़ी चौक से गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रक में अचानक आग भड़क उठी। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। ट्रक चालक नरेश निवासी बुलंदशहर ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई।
सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा हादसा बच गया। बताया गया कि ट्रक में ईंधन के तौर पर सीएनजी का भी इस्तेमाल किया जा रहा था जिससे हादसे के दौरान खतरा और बढ़ सकता था। आग बुझाए जाने के बाद भी कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही। दमकल इंचार्ज सतपाल सिंह ने बताया कि ट्रक में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। मामले की जांच की जा रही है।