लक्सर-बालावाली मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत हो गई। एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद के मंडावर थाना क्षेत्र के रायपुर बेरी गांव निवासी आलम और शमशेर सोमवार किसी कार्य से लक्सर क्षेत्र में आए थे। देर रात को दोनों बाइक से लौट रहे थे। इस दौरान जब वह लक्सर-बालावाली मार्ग पर बाणगंगा पुल के समीप पहुंचे तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
भारी वाहन की चपेट में आने से शमशेर (70) की मौके पर ही मौत हो गई। आलम गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक ने शमशेर को मृत घोषित कर दिया।
आलम को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक लोकपाल परमार ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। घायल व्यक्ति को परिजन हायर सेंटर लेकर गए हैं। वाहन चालक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।