जैनपुर खुर्द गांव में राशिद और सूफियान के बीच मामूली कहासुनी विवाद में बदल गई। आरोप है कि राशिद ने अपने साथियों के साथ मिलकर सूफियान के घर धावा बोल दिया। लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हुए हमले में तीन लोग घायल हो गए। बीचबचाव कराने आई महिला के साथ भी बदसलूकी की गई। पुलिस ने नामजद छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के जैनपुर खुर्द गांव निवासी जहांगीर ने तहरीर में बताया कि पांच मार्च को उनके परिवार के सूफियान की गांव के ही राशिद के साथ कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश में शाम करीब छह बजे आरोपी राशिद, इमरान, शकील, शाहूद, आरिफ व रज्जाक लाठी-डंडे, तबल और सरिये लेकर उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने उनके, सूफियान और कुर्बान की जमकर पिटाई कर उन्हें घायल कर दिया।
धारदार हथियार के वार से कुर्बान का कान कट गया। उनकी भाभी फिरदौस ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो हमलावरों ने उनके साथ भी बदसलूकी करते हुए मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए। घायल अवस्था में वह लोग मेडिकल कराने अस्पताल पहुंचे। यहां भी आरोपियों ने उन्हें भगा दिया। इसके बाद उन्होंने हरिद्वार पहुंचकर मेडिकल कराया। डर के कारण वह पुलिस को तहरीर देने नहीं आ सके। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।