हरिद्वार जिले में साइबर जालसाजों और ठगों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला मंगलौर क्षेत्र का है। यहां एक युवक को रिकैंपा कोला का सुपर स्टॉकिस्ट बनाने का झांसा देकर 20 लाख 60 हजार 644 रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने मंगलौर थाना प्रभारी को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
ग्राम तांशीपुर निवासी गौरव त्यागी ने सोमवार को बताया कि कुछ समय पहले उनकी मुलाकात अभिषेक मित्तल नाम के व्यक्ति से हुई। मित्तल ने खुद को मुंबई स्थित रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड का रिलेशनशिप मैनेजर बताया। पीड़ित को विश्वास में लेकर आरोपियों ने पहले कंपनी में रजिस्ट्रेशन के नाम पर 49 हजार 500 रुपए जमा कराए।
इसके बाद स्टॉक भेजने और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बहाने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 20 लाख 60 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। पीड़ित की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, ठगी की यह रकम अप्रैल और मई 2025 के दौरान एक्सिस बैंक की मंगलौर शाखा के माध्यम से जमा की गई थी।
09 अलग-अलग किस्तों में कुल रकम 20 लाख 60 हजार 644 रुपये कैंपा कोला फ्रांचिज लिमिटेड और अन्य संबंधित के नाम जमा कराए गए। आरोप है कि आरोपियों ने वादा किया था कि पूरी पेमेंट और पेपर वर्क होने के बाद 19 मई 2025 को स्टॉक की डिलीवरी कर दी जाएगी।
तय तारीख बीतने के बाद भी न तो कोई स्टॉक पहुंचा और न ही दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क हो सका। वर्तमान में आरोपियों के फोन बंद हैं और वेबसाइट/ईमेल का भी कोई जवाब नहीं मिल रहा है। पीड़ित गौरव त्यागी ने अभिषेक मित्तल, अभिषेक मांदल और संबंधित कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी व मानसिक उत्पीड़न की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।