- ड्यूटी से लौट रहे व्यक्ति को घेरकर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से पीटा, कई हड्डियां टूटीं
खानपुर। कस्बा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर गांव के चार नामजद व कुछ अज्ञात लोगों पर उसके पिता के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कस्बा खानपुर निवासी आदी भाटी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पिता परवेंद्र लक्सर स्थित एक टायर कंपनी में काम करते हैं। 17 मार्च की रात वह बजे ड्यूटी समाप्त कर वे घर लौट रहे थे। जब वे खानपुर में एक बैंक के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे निगम, शुभम, रोमित निवासीगण खानपुर और ऋतिक निवासी मिर्जापुर उर्फ मोहनावाला थाना खानपुर और कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में परवेंद्र के बाएं हाथ की हड्डी तीन जगह से टूट गई, एक अंगुली भी फ्रैक्चर हो गई जबकि दाएं पैर की हड्डी भी तोड़ दी गई। आरोप है कि हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए। खानपुर थाना प्रभारी दिग्पाल कोहली ने बताया कि निगम, शुभम, रोमित, ऋतिक व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।