- रंजिश में वारदात, आरोपी महिला फरार, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
रुड़की। सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के इस्लामनगर में घर में अकेली महिला पर रंजिश के चलते पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने हमला कर दिया। आरोपी ने फ्राइपैन से वार कर महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गई।
पीड़ित महिला के पति साहिद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह तीन अप्रैल को किसी काम से अपने गांव लंढौरा गया था और घर में उसकी पत्नी अकेली थी। इसी दौरान पड़ोस में किराये पर रहने वाली नगमा उनके घर में घुस आई और गाली-गलौज करने लगी। विरोध करने पर उसने फ्राइपैन उठाकर उसकी पत्नी के सिर पर हमला कर दिया जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन आरोपी महिला धमकी देते हुए फरार हो गई। सूचना पर घर पहुंचे पति ने घायल पत्नी का उपचार कराया। पुलिस ने आरोपी नगमा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।