नगर निगम क्षेत्र में न्याय पंचायत की तर्ज पर विभिन्न वार्डों में लगने वाले बहुउद्देशीय शिविर से पहले अब नगर निगम परिसर में ही सरकार के चार साल बेमिसाल के तहत शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में सरकारी विभागों के स्टॉल लगेंगे। इसके बाद शिविर के लिए वार्डवार रोस्टर जारी किया जाएगा।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन की ओर से न्याय पंचायत की तर्ज पर निगम के 40 वार्डाें में बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाने की योजना तैयार की गई है। इसके लिए निगम प्रशासन को रोस्टर तैयार करने के लिए कहा गया था। निगम ने इसके लिए रोस्टर तैयार भी करा लिया था लेकिन अब शासन के निर्देश पर सरकार के चार साल बेमिसाल कार्यक्रम के अंतर्गत शिविर का आयोजन किया जाना है। अब दोबारा से रोस्टर तैयार किया जाएगा।
माना जा रहा है कि अप्रैल माह में रोस्टर के तहत वार्डवार शिविरों का आयोजन होगा। वहीं, 25 मार्च को निगम में सरकार के चार साल बेमिसाल के तहत वृहद शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसमें भी विभिन्न विभागाें के स्टॉल लगाए जाएंगे और लोगों को सरकारी योजना की जानकारी देने के साथ ही लाभार्थियों को हाथोंहाथ प्रमाण त्र वितरित किए जाएंगे। नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी ने बताया कि शिविर की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। निगम परिसर में ही शिविर का आयोजन होगा जिसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगेंगे।