बुआई के लिए यूरिया का इंतजार कर रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। सहकारी गन्ना विकास समिति लक्सर के गोदाम में यूरिया की बड़ी खेप पहुंची है। बुधवार से समिति गोदाम पर किसानों को यूरिया का वितरण शुरू हो गया।
इन दिनों वसंतकालीन गन्ना बुआई के लिए किसानों को उर्वरक की आवश्यकता है। खासतौर पर यूरिया की मांग अधिक है। बताते चलें कि लक्सर गन्ना समिति से 50 हजार से अधिक किसान जुड़े हैं। इतनी अधिक संख्या में किसानों को मांग के अनुपात में उर्वरक उपलब्ध कराना चुनौती है। हालांकि समिति प्रबंधन की ओर से उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इन दिनों चल रही वसंतकालीन गन्ना बुआई के लिए किसानों को उर्वरकों की आवश्यकता देखते हुए समिति प्रबंधन ने पहले ही यूरिया की डिमांड भेजी थी।
मंगलवार रात को 20 हजार बैग यूरिया की खेप समिति गोदाम पहुंचना शुरू हो गई। रात को गोदाम में खाद पहुंचने के बाद बुधवार को किसानों को इसका वितरण भी शुरू हो गया। गन्ना समिति के विशेष सचिव सूरजभान सिंह ने बताया कि किसानों की आवश्यकता को देखते हुए 20 हजार बैग यूरिया मंगाया गया है। गोदाम में डीएपी और एनपीके भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। बुधवार से उर्वरकों का वितरण कराया जा रहा है।