कोतवाली क्षेत्र में कार लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने हरियाणा के हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई कार बरामद कर ली है। आरोपी ने अपने शौक और नशे की लत को पूरा करने के लिए अपने गैंग के साथ वारदात को अंजाम दिया था।
14 मार्च 2026 की शाम नगला एमाद निवासी रोहित कुमार ने 112 से सूचना दी कि तीन बदमाशों ने उसकी कार लूटी और फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और बदमाशों की घेराबंदी शुरू की। लूट के बाद भागते समय कार चला रहे बदमाश ने एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी जिससे कार का अगला टायर फट गया था। इसके बाद बदमाशों ने लिब्बरहेड़ी के पास कार को छोड़ा और खेतों की ओर भाग निकले थे।
दो दिन की तलाशी के बाद मुख्यारोपी नीरज निवासी सोनीपत, हरियाणा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह 13 मार्च को अपने गैंग के साथ हरिद्वार घूमने आया था। हरिद्वार में शराब पीने के दौरान साथियों से झगड़ा हो गया जिसके बाद उसके साथी अपनी गाड़ी लेकर हरियाणा लौट गए थे। इसके बाद उसने रुड़की से किराए पर कार बुक की और योजनाबद्ध तरीके से चालक को धक्का देकर गाड़ी लूट ली थी। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि नीरज हरियाणा के सोनीपत थाना मुरथल का हिस्ट्रीशीटर है। उसपर पहले से ही हत्या के प्रयास, चोरी और आर्म्स एक्ट जैसे छह से अधिक गंभीर केस दर्ज हैं। बदमाश से कार और फोन बरामद किया गया है। फरार दो अन्य सोनीपत के ही बदमाशों की तलाश जारी है।