दरगाह पर नोटों से बनी चादर को चढ़ाने के लिए ले जाते पंजाब से आए जायरीन - स्वयं
पंजाब के जगरांव से आए जायरीनों के एक जत्थे ने दरगाह साबिर पाक में नोटों से बनी चादर और फूल पेश कर देश में अमनोअमान की दुआ मांगी।
पंजाब के जगरांव निवासी विक्की प्रधान के नेतृत्व में आए जत्थे ने दरगाह साबिर पाक और दरगाह इमाम साहब में 90 हजार रुपये के नोटों से बनी 60 फीट लंबी चादर पेश की। जत्था लीडर विक्की प्रधान ने बताया कि उनका जत्था हर साल सैकड़ों जायरीनों के साथ जगरांव से पिरान कलियर आता है और दरगाह साबिर पाक में चादर पेश करता है।
उन्होंने बताया कि हर साल जत्थे की ओर से चार दिनों तक लंगर का आयोजन कर गरीबों और जरूरतमंदों को भोजन कराया जाता है। विक्की प्रधान ने कहा कि हजरत साबिर पाक ने इंसानियत, भाईचारे और मोहब्बत का पैगाम दिया है। इस कारण सभी श्रद्धालु दरगाह में गहरी आस्था रखते हैं। इस मौके पर इमरान साबरी चंचल, प्रेम लोहत, बलवीर, सोनी, बिट्टू, राजू सहित अन्य अकीदतमंद मौजूद रहे।