कक्षाओं के संचालन की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे गवर्नमेंट पीजी कॉलेज के छात्रों से तहसीलदार ने मुलाकात की और उनकी मांगों से शासन को अवगत कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से भी वार्ता की, लेकिन छात्रों ने मांगें पूरी होने तक भूख हड़ताल खत्म करने से इनकार कर दिया। तहसीलदार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक को छात्रों का मेडिकल कराने के निर्देश दिए हैं।
गवर्नमेंट पीजी कॉलेज लक्सर में पीजी कक्षाएं शुरू कराने को लेकर मंगलवार से भूख हड़ताल पर बैठे छात्रसंघ अध्यक्ष और एबीवीपी के सदस्यों की हड़ताल बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही। छात्रसंघ अध्यक्ष अभिषेक कुमार के साथ अंकित, सचिन, प्रतीक, कुलदीप एवं आशु बैठे हैं। उनका कहना था कि छात्रों की समस्याओं को लेकर कॉलेज प्रबंधन और शासन के लोग जरा भी गंभीर नहीं हैं। कॉलेज में संस्कृत, गृह विज्ञान और शिक्षा शास्त्र की पढ़ाई अभी तक शुरू नहीं की गई है।
पॉलिटिकल साइंस का शिक्षक न होने से भी परेशानी हो रही है। कई बार की मांग के बाद भी कॉलेज में पीजी की कक्षाएं शुरू नहीं हुई। सूचना मिलने पर बुधवार को तहसीलदार सुनैना राणा और कोतवाली के दारोगा प्रकाश चंद मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से उनकी समस्याएं जानीं। इसके बाद उन्होंने छात्रों से भूख हड़ताल खत्म करने को कहा। साथ ही कॉलेज प्रबंधन से वार्ता कर छात्रों को भरोसा दिया कि समस्याओं को शासन तक पहुंचाएंगे, लेकिन छात्र भूख हड़ताल खत्म करने पर राजी नहीं हुए। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी समस्याएं दूर नहीं हो जाएंगी, भूख हड़ताल जारी रहेगी।
एनएसयूआई ने भी दी क्रमिक अनशन की चेतावनी
लक्सर। मांगें पूरी न होने पर एनएसयूआई और युवा कांग्रेस ने गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में बृहस्पतिवार से क्रमिक अनशन की चेतावनी दी है। युवा कांग्रेस के खानपुर विधानसभा अध्यक्ष नीटू चौधरी का कहना है कि बीते 13 अगस्त को युवका कांग्रेस व एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने कॉलेज प्रबंधन को पत्र देकर कहा था कि कॉलेज में पीजी कक्षाओं के अलावा शिक्षाशास्त्र, गृह विज्ञान और संस्कृत की पढ़ाई शुरू नहीं की गई है। पर कई दिन बाद भी कॉलेज प्रबंधन ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार से युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के सदस्य कॉलेज में क्रमिक अनशन शुरू करेंगे।