ग्राम पंचायत निजामपुर में सरकारी नाली को क्षतिग्रस्त कर अवैध निर्माण करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह कदम विकासखंड नारसन के अधिकारियों की ओर से जांच के बाद पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर उठाया गया है।
ग्राम पंचायत निजामपुर में वर्ष 2024-25 के दौरान सार्वजनिक जल निकासी के लिए नाली का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि गांव के ही विभु व यशपाल ने सरकारी नाली को तोड़ दिया और उस स्थान पर अपनी निजी दीवार का निर्माण कर लिया। इस अवैध कब्जे के कारण न केवल पंचायत को आर्थिक हानि हुई बल्कि गांव की जल निकासी व्यवस्था भी बाधित हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) नारसन ने जांच की थी। जांच रिपोर्ट में शिकायत सही पाए जाने पर ग्राम विकास अधिकारी को प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश दिए गए। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी विपिन कुमार ने कोतवाली मंगलौर में लिखित तहरीर देकर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
तहरीर के साथ जांच रिपोर्ट और विभागीय आदेश की प्रतियां भी पुलिस को सौंपी गई है। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी विभु व यशपाल निवासी निजामपुर थाना मंगलौर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।