50 मीटर में टाइल बिछाकर पहले से निर्मित सड़क के निर्माण का लगा दिया बोर्ड
अनियमितता सामने आने पर निगम ने एई, जेई और संबंधित ठेकेदार मांगा स्पष्टीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। जहां 50 मीटर की इंटरलॉकिंग की टाइल्स और नाली बनाने की जरूरत थी वहां निगम के एई व जेई ने पूरी सड़क का इस्टीमेट बनाकर टेंडर जारी कर दिया। यही नहीं ठेकेदार ने भी पहले से बनी सड़क का निर्माण दर्शाकर बोर्ड लगा दिया। मामला सामने आने पर अब निगम ने अधिकारियों और ठेकेदार से स्पष्टीकरण तलब किया है।
नगर निगम के वार्ड नंबर-18 गणेशपुर में इंटरलॉकिंग टाइल्स की सड़क के निर्माण का टेंडर जारी किया गया था। यहां पर विधायक निधि से पहले ही सड़क बनी हुई थी। करीब 50 मीटर का ही हिस्सा ऐसा था जहां टाइल्स बिछाई जानी थी। इसी 50 मीटर की आड़ में निगम के एई और जेई के साथ ही ठेकेदार ने मिलीभगत करते हुए पूरी सड़क का टेंडर जारी करा लिया।
बताया गया कि इस पूरी सड़क के निर्माण के लिए 20 लाख का टेंडर जारी किया गया था। जब ठेकेदार ने थोड़ी जगह में टाइल्स लगाने और नाली बनाने का बाद पूरी सड़क के निर्माण का बोर्ड लगा दिया तो लोगों को भी यह बात नागवार गुजरी। नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी ने बताया कि अधिकारियों ने गलत इस्टीमेट बनाया है। इस पर उन्हें नोटिस जारी गया है। संबंधित ठेकेदार से भी जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।