रुड़की। गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर आर्गेनाइजेशन ने शनिवार को आकस्मिक सेवा समिति गठित की है। इसके माध्यम से आर्गेनाइजेशन के सदस्यों को किसी बीमारी के इलाज में आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके अलावा अन्य वरिष्ठ नागरिकों की भी मदद की जाएगी। इसके लिए आर्गेनाइजेशन ने फंड अलग कर दिया है।
गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर आर्गेनाइजेशन रुड़की की मासिक बैठक सुबह शिव मंदिर परिसर कचहरी में महावीर प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस दौरान बैठक में संगठन के सदस्यों को पहचान पत्र वितरित किए गए। साथ ही सदस्यों की सहमति पर एक आकस्मिक सेवा समिति का भी गठन किया गया। इसमें वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के लिए 50 हजार रुपये का फंड रखा गया है। इस फंड में मेडिकल संबंधी व्यय का प्रावधान रखा गया है। इस दौरान वेलफेयर के सदस्यों ने शहर के इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सदस्यों से संपर्क किया। इनमें से स्वास्तिक मेडिकल सेंटर आजाद नगर, विनय विशाल मल्टी स्पेशलीटी अस्पताल, डॉ. हेमंत गुप्ता, डॉ नवीन अग्रोही, डॉ महीपाल, डॉ अजय पंवार, डॉ जेएम भटनागर एवं कौशिक पैथोलोजी क्लीनिक ने वरिष्ठ नागरिकों के चिकित्सा व्यय में उचित छूट देने पर सहमति दी। इसके साथ डॉ एनडी अरोड़ा ने सामान्य बीमारियों पर निशुल्क इलाज पर सहमति दी। बैठक में निर्णय लिया गया कि आर्गेनाइजेशन ऐसे वरिष्ठ नागरिकों को भी चिकित्सा सहायता देगा चाहे वह आर्गेनाइजेशन का सदस्य है या नहीं। इस दौरान श्रीज्ञान शर्मा, देवेंद्र कुमार अग्रवाल, सत्यप्रकाश शर्मा, यशपाल गुप्ता, पूरणमल शर्मा, संतोष कुमार, कन्हैया लाल चांदना, हरफूल सिंह राठी, रूप कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।