भगवानपुर। कस्बा भगवानपुर में ग्रामीणों ने सड़क चौड़ीकरण में मनमानी का आरोप लगाते हुए निरीक्षण को आए अधिकारियों का घेराव किया। ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच नोंकझोंक भी हुई। बाद में संबंधित अधिकारियों ने ज्यादा भूमि अधिकृत करने को लेकर अभिलेख देखने का आश्वासन देने पर ग्रामीण शांत हुए।
रुड़की रामपुर चुंगी से देहरादून हाईवे पर चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। शुक्रवार को भूमि की पैमाइश को लेकर नायब तहसीलदार केएन पंत के नेतृत्व में शलैद्र कुमार, अजय आदि की एक टीम सालियर किशनपुर करौदी पहुंची तो ग्रामीणों ने भूमि अधिग्रहण में मनमानी का आरोप लगाते हुए टीम का घेराव कर दिया। इस दौरान अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच नोंकझोंक भी हुई। यासीन, महफूज, जगदीप, अजय सैनी, अनिल कुमार प्रताप सिंह, राजकुमार कसाना आदि ग्रामीणों का कहना था कि अधिकारियों ने किसी की भूमि की ज्यादा पैमाइश की है और किसी की भूमि की कम पैमाइश की गई है। अधिकारियों पर जानबूझ कर कम और ज्यादा भूमि अधिग्रहण करने का आरोप लगाया है। पिछले एक सप्ताह भी ग्रामीणों ने भूमि अधिग्रहित करने पर मनमानी का आरोप लगाते हुए काम बंद कराया था। नायाब तहसीलदार केएन पंत ने दस्तावेजों की जांच कर दोबारा भूमि का चिन्हीकरण करने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।