मंगलौर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ दर्ज की प्राथमिकी
मंगलौर। मंगलौर क्षेत्र में साइबर ठगों ने कश्मीर में तैनात महिला जवान के बैंक खाते से नौ लाख रुपये उड़ा दिए। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम झबीरण जट्ट निवासी आशु कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बहन भारतीय सीमा सुरक्षा बल में जवान है और वर्तमान में कश्मीर में तैनात है। पीड़िता का बैंक खाता मंगलौर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में है। शिकायतकर्ता के अनुसार अचानक उनकी बहन के खाते से पैसे कटने का मैसेज आया। जब तक कुछ समझ पाते ठगों ने कुल नौ लाख रुपये की राशि खाते से उड़ा ली। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है और ट्रांजेक्शन डिटेल्स के आधार पर ठगों को ट्रैक करने का प्रयास किया जा रहा है।