मोहल्ला किला में संरक्षित पशु का मांस बेचने की सूचना पर पुलिस ने एक मीट की दुकान पर छापा मारा। पुलिस को मौके से करीब 85.5 किलोग्राम मांस बरामद हुआ। पशु चिकित्साधिकारी की जांच में मांस संरक्षित पशु का बताया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपी दुकानदार अहसान मौके से फरार हो गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
27 अक्तूबर को सूचना मिली थी कि मोहल्ला किला निवासी अहसान अपनी मीट की दुकान पर संरक्षित पशु का मांस बेच रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापे मारे। दुकान के अंदर लकड़ी के तख्त पर मांस रखा हुआ मिला। टीम ने मौके से मांस काटने के उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, स्टील का पलड़ा और प्लास्टिक की थैलियां भी बरामद की।
पुलिस ने बरामद मांस का वजन कराया जो करीब 85.5 किलोग्राम निकला। इसके बाद पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाकर मांस की जांच की। जांच के लिए मांस का नमूना लेकर उसे सील कर दिया गया जबकि शेष मांस को नियमानुसार नष्ट करा दिया गया।
कार्यकारी पुलिस क्षेत्राधिकारी ओशिन जोशी ने बताया कि मंगलौर में एक दुकान पर पशु का मांस बेचने की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। मौके से 85.5 किलोग्राम मांस बरामद हुआ है। छापेमारी के दौरान फरार हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।