अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की। दो माह से अधिक समय बीतने के बाद भी नगर निगम प्रशासन ने ब्लॉक के पास तालाब में तब्दील सड़क की पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की। इसस ब्लॉक के अफसर और कर्मचारी समेत लोगों को निकलने में परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, जलभराव के चलते व्यापार भी प्रभावित है।
करीब दो माह पूर्व लोक निर्माण विभाग की ओर से ब्लॉक के सामने सलेमपुर की ओर से नाले का निर्माण किया गया। लोनिवि ने नाले की निकासी रुड़की ब्लॉक के आगे कर दी। इससे पानी सड़क पर भरने लगा। पानी लगने से सड़क की गिट्टियां उखड़ गईं। और जलभराव होने से सड़क तालाब में तब्दील हो गई। हल्की बारिश होने पर भी पानी भर जाता है। स्थानीय निवासी और खंड विकास अधिकारी भी नगर निगम के अधिकारियों को समस्या से अवगत करा चुके हैं। लेकिन अब तक समाधान नहीं किया जा सका। यही हाल इंडस्ट्रियल एरिया में लिथो प्रेस के सामने का है। यहां पर भी सड़क टापू में तब्दील हो गई है। जिला उद्योग केंद्र तक जाने वाले उद्योगपतियों को भी परेशानी हो रही है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि जल सड़क पर जलभराव होने से उनका व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। बताया कि सड़क पर पानी भरने के कारण उनकी दुकानों से सामान लेने के लिए कोई नहीं आता।
इनका कहना है:
रामनगर में ब्लॉक के पास सड़क पर भरे पानी की निकासी के लिए ऊर्जा निगम के अधिकारियों से बातचीत की गई है। पानी की निकासी ऊर्जा निगम के प्लॉट में की जाएगी। उसके बाद सड़क पर बजरी डाली जाएगी।
- अशोक कुमार पांडेय, मुख्य नगर आयुक्त, रुड़की