कृषि विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर तीन लोगों ने एक युवक से सात लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पंकज कुमार निवासी ज्वालापुर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कुछ दिन पहले उनको नौकरी की तलाश थी। इसी दौरान तीन व्यक्तियों से गुरुकुल नारसन स्थित एक फोटो स्टेट की दुकान पर मुलाकात हुई। आरोप है कि तीनों ने कृषि विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसके बदले उनसे सात लाख दस हजार रुपये ले लिए। यही नहीं, उन्होंने नौकरी नहीं लगने पर दोगुनी रकम देने की बात कही। कुछ दिन बाद उन्होंने फर्जी तरीके से ज्वाइनिंग लेटर बनाकर डाक के जरिये उनके घर भेजा। इसके बाद उन्हें ज्वाइनिंग के लिए गोरखपुर बुलाया। वहां एक घर में आरोपी फर्जी तरीके से ज्वाइनिंग करा रहे थे। शक होने पर जब उनसे पूछताछ की गई तो जान से मारने की धमकी देकर उन्हें वहां से भगा दिया। उन्होंने रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उनके साथ गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर विकास निवासी केल्हनपुर पुरकाजी मुजफ्फरनगर, अनुज निवासी सकौती मंगलौर, रविकांत शर्मा निवासी मलियाना चौक मेरठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।