अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
गरीब कन्याओं का विवाह कराने के अपने अभियान के क्रम में निर्धन सेवा समिति ने बुधवार को भी हरिद्वार में एक गरीब बेटी का विवाह कराकर समाजसेवा की दिशा में एक और कदम उठाया। नवदंपति को आशीर्वाद देने के लिए शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक और मेयर मनोज गर्ग समेत बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सबने निर्धन सेवा समिति के प्रयासों को सराहा।
हाईवे स्थित एक धर्मशाला में निर्धन कन्या का विवाह धूमधाम से किया गया। दुल्हन दीपा को ब्याहने दुल्हे लाखन सिंह की बारात जब धर्मशाला पहुंची तो शहर तथा आसपास से आए बारातियों ने उनका भव्य स्वागत किया। घरेलू जरूरतों के साजो सामान भी उपहार स्वरूप दिए। खुशी -खुशी विवाह की सभी रस्में समिति के अध्यक्ष भाजपा नेता जगजीवन राम की देखरेख में संपन्न की गई। देर शाम बारात को दुल्हन समेत विदा किया गया। इस आयोजन का हिस्सा बनने के लिए शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, ज्वालापुर के विधायक सुरेश राठौर, मेयर मनोज गर्ग, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रदीप चौधरी, भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष नरेश शर्मा, कांग्रेस नेता धर्मवीर सैनी के साथ ही समिति के पदाधिकारियों पप्पू सिंह पाटिल, राजवीर तोमर, रोहित कुमार, अनीता, बाबूराम आदि शामिल रहे। निर्धन सेवा समिति के अध्यक्ष जगजीवन राम ने बताया कि समिति की ओर से अब तक कई गरीब कन्याओं का विवाह कराया जा चुका है। आगे भी समाजसेवा के ऐसे कार्य जारी रहेंगे।