कॉलेज में नौकरी देने का झांसा देकर कस्बे में 5.60 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
खानपुर कस्बा निवासी विनोद कुमार ने तहरीर देकर बताया कि गढ़मीरपुर बहादराबाद निवासी दलीप कुमार और गजाला ने उनके बेटे आकाश गोडियाल को अपने कॉलेज में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। आरोपियों ने विश्वास में लेकर अलग-अलग समय पर छह लाख रुपये लिए थे। आरोप है कि पैसे लेने के बाद आरोपियों ने अपने फोन बंद कर लिए थे। बाद में जानकारी करने पर पता चला कि आरोपी पहले भी कई लोगों को नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर चुके हैं।
पीड़ित विनोद कुमार ने आरोप लगाया कि जब वह आरोपियों के घर पैसे वापस लेने पहुंचे तो एक बार दलीप कुमार मिला जिसने ऑनलाइन माध्यम से 40 हजार रुपये लौटाए और बाकी रकम 10 दिन में देने का आश्वासन दिया लेकिन इसके बाद भी पैसे नहीं लौटाए गए। आरोप है कि जब पीड़ित ने दोबारा पैसे मांगे तो दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और फर्जी केस में फंसाने की धमकी दी। थाना प्रभारी दिग्पाल कोहली ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।