रुड़की। प्रधानमंत्री बच्चों को स्कूल और परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव से मुक्ति के बाबत उनके प्रश्नों का जवाब देंगे। यह मौका स्थानीय स्कूली छात्र छात्राओं को भी मिल सकता है। इस बाबत शिक्षा विभाग की ओर से सभी उप खंड शिक्षा अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए हैं। जिसमें बताया गया है कि छात्रों को वेबसाइट पर जाकर माई गवर्नमेंट प्लेटफार्म नामक वेबसाइट खोलकर उसमें अपने प्रश्नों को अपलोड करना होगा। जिसके बाद पीएम खुद कार्यक्रम में चुने गए इन प्रश्नों के जवाब देंगे।
जिला परियोजना अधिकारी ब्रह्मपाल सिंह सैनी की ओर से सभी उप शिक्षा अधिकारियों को जारी आदेश में बताया गया है कि 16 फरवरी 2018को प्रधानमंत्री छात्र छात्राओं के साथ परीक्षा तथा स्कूलों से संबंधित तनाव पर चर्चा करेंगे। चर्चा में अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं द्वारा प्रधानमंत्री से प्रश्न पूछे जाने हैं। इसके लिए छात्रों को माई गवर्नमेंट प्लेटफार्म वेबसाइट पर अपने प्रश्नों को अपलोड करना होगा। इस बाबत निर्देश यह भी दिए गए हैं कि जो प्रश्न छात्र-छात्राएं पूछना चाहते हैं वह विषयगत हों। यही नहीं इसके लिए छात्र छात्राओं को विद्यालय के कंप्यूटर का इस्तेमाल कराए जाने तथा शिक्षकों को सहयोग दिए जाने के लिए भी आदेशित किया गया है। पत्र में बताया गया है कि कक्षा 9 से आगे तक की कक्षाओं के छात्रों द्वारा यह प्रश्न अपलोड किए जाएंगे। यह भी बताया गया है कि प्रश्नों के प्रकार स्कूल कॉलेज और परीक्षा में होने वाले तनाव एवं उनके निराकरण के संबंध में हो। प्रश्न संक्षिप्त एवं अधिकतम सौ शब्द के हों। इन प्रश्नों को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में अपलोड किया जा सकता है। जिला परियोजना अधिकारी ब्रह्मपाल सिंह सैनी ने बताया कि सभी उप शिक्षा अधिकारियों को इस बाबत निर्देश दिए गए हैं।