ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
उपकारागार के पास आजादनगर में वाहनों के खड़े होने से अक्सर जाम लगता है। इससे परेशान कॉलोनी के लोगों का आखिरकार गुस्सा फूट ही गया। लोगों ने नारेबाजी की। साथ ही प्रशासन से अतिक्रमण से निजात दिलाने की मांग की।
उपकारागार के नजदीक आजादनगर में हाईवे किनारे वाहनों की वर्कशॉप है। इससे गाड़ियां सड़क किनारे पार्क कर दी जाती है। साथ ही कॉलोनी की गलियों में भी वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। इससे कॉलोनी के लोगों को निकलने में परेशानी होती है। इस बात से नाराज कॉलोनी के लोगों ने रविवार को प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। भाजपा युवा मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी गौरव शर्मा ने कहा कि वाहनों के खड़े होने से कॉलोनी की गलियां पूरी तरह बंद हो जाती हैं। इससे कॉलोनी के लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ती है। इस दौरान अनिल अरोड़ा, ममता सैनी, सुषमा, राहुल शर्मा, पवन, विजेंद्र सिंह, संजय सिंह, केएल शर्मा, प्रभात शर्मा, अक्षरा चौधरी, चरण प्रीत कोहली, सुरेंद्र अरोड़ा, नंद किशोर व विशाल सैनी आदि मौजूद रहे।