रुड़की। बीती रात आई तेज आंधी से शहर की करीब 12 कॉलोनियों और 40 गांवों की बिजली गुल हो गई। कहीं पर लाइन पर पेड़ गिरने से तो कहीं तार आपस में टकराने से बिजली चली गई। करीब 12 घंटे तक बिजली की सप्लाई नहीं होने से लोगों को रातभर गर्मी का सामना करना पड़ा। वहीं सुबह तक बिजली सुचारु नहीं होने से लोगों के घरों में पानी की सप्लाई भी नहीं हो पाई।
शुक्रवार की देर रात करीब 10 बजे अचानक हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। इसके कुछ ही देर बाद भारी बारिश के साथ तेज आंधी भी शुरू हो गई। आंधी से कई जगह पेड़ बिजली की लाइनों पर जा गिरे। इससे कई जगह से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं कुछ जगह बिजली के खंभे ही टूट गए। आंधी से ब्रह्मपुर बिजलीघर से जुड़े सात फीडरों के ब्रह्मपुर, कान्हापुर, शंकरपुरी, भारापुर, घोड़ेवाला, दीदाहेड़ी, हलवाहेड़ी, भंगेड़ी महावतपुर, जलालपुर, टोडा खटका और बेलड़ी आदि करीब 40 गांव और शेरपुर, माजरा, आरआर सिनेमा, कोर कॉलेज कॉलोनी, दुर्गा कॉलोनी, नंद कॉलोनी आदि 12 कॉलोनियों में बिजली गुल हो गई। इसके बाद लोगों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। करीब एक घंटे बाद आंधी और बारिश रुक गई। इससे गर्मी बढ़नी शुरू हो गई और लोगों को मजबूरी में घरों से बाहर निकलना पड़ा। कुछ लोगों को गलियों में टहलकर रात गुजारनी पड़ी। बिजली कटौती से सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों और बच्चों को उठानी पड़ी। इन इलाकों में सुबह करीब 10 बजे बिजली सप्लाई शुरू हो पाई। ऐसे में लोगों को करीब 12 घंटे तक बिजली कटौती का दंश झेलना पड़ा। वहीं सुबह बिजली नहीं होने से लोग मोटर नहीं चला सके, इसलिए उन्हें पानी की किल्लत हुई। क्षेत्र निवासी मनोज कुमार, रिंकू, सोमपाल, दीपक सैनी, राहुल गुप्ता और मंजीत आदि का कहना है कि आए दिन बिजली कटौती से उन्हें भारी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। वहीं मामले में ऊर्जा निगम के ईई वीके सिंह का कहना है कि ब्रह्मपुर में आंधी से कई पेड़ टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गए थे। रात के समय तारों को जोड़ना संभव नहीं था। सुबह कर्मचारियों को काम पर लगा दिया गया था। 10 बजे से पहले सप्लाई शुरू हो गई थी।
15 घंटे रही बिजली सप्लाई ठप
कलियर। क्षेत्र में देर रात चली तेज आंधी व बारिश के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को रात भर परेशानी का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार की देर रात देहात क्षेत्र में चली तेज आंधी व बारिश के कारण क्षेत्र के करीब दर्जन भर से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति करीब 15 घंटे बाधित रही। इसके कारण भीषण गर्मी में लोगों को रात भर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं सुबह के समय पानी के लिए लोगों को हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा। क्षेत्रवासी सचिन, महबूब, लियाकत, प्रताप, राकेश, अमित, राजेश, दिग्विजय, विरजेश कुमार, अनिल, सुनील, मासूम, जुगेंद्र, पवन, आदेश, नवीन, राजेंद्र, श्रवण, रामपाल और महेंद्र आदि का कहना है कि देर रात से क्षेत्र में तेज आंधी व बारिश के कारण करीब दर्जन भर से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।