लक्सर। अब स्कूलों के खुलने और बंद होने के समय कस्बे से भारी वाहन नहीं गुजर सकेंगे। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को एसडीएम ने चार ओवर लोड वाहनों को सीज कर दिया, साथ ही इस संबंध में कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के दिशा निर्देश दिए हैं।
रुड़की, खानपुर और हरिद्वार से रोजाना भारी संख्या में ओवरलोड वाहन कस्बे से होकर गुजरते हैं। इसके कारण आए दिन दुघर्टनाएं होती रहती हैं। काफी समय से क्षेत्र के लोग स्कूल टाइम पर कस्बे में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाए जाने की मांग करते आ रहे हैं। बुधवार को एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने लक्सर-रुड़की मार्ग पर अभियान चलाया। इस दौरान एसडीएम ने चार ओवर लोड वाहनों को सीज कर दिया। एसडीएम ने कोतवाली पुलिस को निर्देश दिए कि स्कूलों के खुलने और बंद होने के समय रुड़की से लक्सर आने वाले वाहनों को बहादरपुर, हरिद्वार से आने वाले वाहनों को सुल्तानपुर भोगपुर, खानपुर से आने वालों को वाहनों को गोर्वधनपुर व रायसी से आने वाले वाहनों को अकोढ़ा में रोका जाए। नियम तोड़ने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।